ब्राह्मण खाप के प्रदेश अध्यक्ष अशोक शर्मा पर हमले के विरोध में समाज के सैकड़ों लोग हुए एकजुट

करनाल 7 नवंबर।(बिशपाल राणा):ब्राह्मण खाप हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक शर्मा पर हुए हमले के विरोध में आज समाज के सैकड़ों लोग ब्राह्मण धर्मशाला में एकत्रित हुए, जहां सभी ने इस कायराना हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सभा में समाज के प्रबुद्धजनों ने कहा कि अशोक शर्मा पर हुआ हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे समाज की गरिमा पर प्रहार है। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई और न्याय की मांग की।
बैठक के उपरांत समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला सचिवालय पहुंचकर एसपी श्री गंगाराम पुनिया से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपा। मांग की गई कि अशोक शर्मा पर हमला करने वाले सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की जाए। अशोक शर्मा को दी गई धमकियों की जांच कर उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अशोक शर्मा ने बताया कि वे प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सर बी.एन. राव जी की पुण्यतिथि को लेकर समाज में जागरूकता फैलाना चाहते थे। उनका कहना था कि मैं केवल समाज में श्रद्धा और जागरूकता का संदेश देना चाहता था, जिससे किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए थी। किंतु इस बीच मुझ पर हमला किया गया, जो पूरी तरह निंदनीय है।
एसपी गंगाराम पुनिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सभा में समाज की एकता और संयम का परिचय देते हुए सभी ने न्याय की लड़ाई को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण सभा के प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा बड़ौता, जिले सिंह पिचौलिया, सुशील गौतम, मोनू रावण, संजीत शर्मा, नाथी राम, सुरेंद्र समौरा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ब्राह्मण खाप हरियाणा ने स्पष्ट किया है कि समाज न्याय की प्राप्ति तक एकजुट रहेगा और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा करता है।